Gopalganj Lightning Strike : गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो मासूम नाती गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र यादव के रूप में हुई है. वहीं घायल बच्चों की पहचान उनके 10 वर्षीय नाती आदित्य कुमार यादव और 8 वर्षीय अंकित कुमार यादव के रूप में हुई है. दोनों का इलाज विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है.
खेत में मेड़बंदी के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, महेंद्र यादव मंगलवार को अपने दोनों नातियों के साथ गांव के समीप खेत में मेड़बंदी (बांध लगाने) का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया. तेज गर्जना और चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे उस स्थान पर गिर गई, जहां तीनों मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
वज्रपात की चपेट में आने से महेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दोनों घायल बच्चों को तत्काल विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बच्चों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और उनका उपचार जारी है.
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस और स्थानीय राजस्व कर्मचारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया.
महेंद्र यादव की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया. पत्नी रंभा देवी पति की मौत की सूचना सुनकर बदहवास हो गईं और बार-बार बेहोश हो रही थीं. परिजनों के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीण भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए.
प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा
स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार आपदा राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.