BPSC Success Story : (चितरंजन उपाध्याय) गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड की सेमरा पंचायत अंतर्गत शहबजवा गांव निवासी धीरज कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 202वीं रैंक हासिल कर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) पद पर चयनित होकर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई.
BPSC Result 2026: फूलमाला और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
धीरज कुमार के चयन पर पूर्व मुखिया सह जिला पार्षद प्रतिनिधि ओम प्रकाश राय ‘भुट्टो’ उनके आवास पहुंचे. उन्होंने धीरज कुमार को फूलमाला पहनाकर, मां दुर्गा की चुनरी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
Gopalganj News: माता ने बताया मेहनत का परिणाम
धीरज कुमार के पिता धर्मेंद्र पंडित और माता नीलम देवी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताई. नीलम देवी ने कहा कि धीरज ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. बेटे की उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है.
Success Story: गांव में खुशी का माहौल
सम्मान समारोह में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सगीर आलम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने धीरज कुमार की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.
