चेनारी में लोहे के बैरियर से टकराया श्रद्धालुओं से भरा वाहन
पलामू के दो श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मीप्रतिनिधि, इमामगंज. श्रद्धा व भक्ति के साथ गुप्ता धाम में भगवान शिव के दर्शन के लिए निकले डुमरिया प्रखंड के वलीचक गांव के रहने वाले 45 वर्षीय योगेंद्र प्रसाद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी, जबकि झारखंड राज्य के पलामू जिला अंतर्गत नौडीहा गांव के रहने वाले दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. उनका इलाज नारायण मेडिकल अस्पताल सासाराम में चल रहा है. श्रद्धा की यात्रा आस्था से शुरू हुई थी, लेकिन एक परिवार के लिए अंतहीन पीड़ा छोड़ गयी. इस घटना के संबंध में मृतक के बड़े पुत्र राहुल कुमार व मृतक के भाई रवींद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की संध्या छह बजे वलीचक गांव से योगेंद्र प्रसाद समेत गांव के तीन लोग व झारखंड राज्य के पलामू जिला अंतर्गत नौडीहा गांव से लगभग 11 लोग रोहतास जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्ता धाम जा रहे थे. इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी सवारी गाड़ी चेनारी थाना क्षेत्र में दुर्घटना ग्रस्त हो गयी. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं का वाहन प्रवेश निषेध के लिये लगाये गये लोहे के बैरियर से टकरा गया. इसमें योगेंद्र प्रसाद सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को नारायण मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां इलाज के दौरान योगेंद्र प्रसाद की मौत हो गयी. इस घटना में दो लोग को गंभीर रूप से घायल हो गये. शेष सभी लोग सुरक्षित बताये जा रहे हैं. इधर, मृतक के गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है. घर में मातम पसरा है और गांव में शोक का माहौल है.