मगध विश्वविद्यालय को मिला नया कार्यवाहक कुलपति, प्रो. दिलीप कुमार केसरी संभालेंगे जिम्मेदारी

मगध विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी को कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी सौंपी गई है. लोक भवन सचिवालय की अधिसूचना के अनुसार स्थायी कुलपति की नियुक्ति या अगले आदेश तक वे कुलपति कार्यालय का कामकाज संभालेंगे.

By Sakshi kumari | May 21, 2026 6:45 AM

Magadh University: (बोधगया से कलेंद्र प्रताप) मगध विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी अब विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय की कमान संभालेंगे. लोक भवन सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि स्थायी कुलपति की नियुक्ति होने या अगले आदेश तक प्रो. केसरी कुलपति के रूप में कार्य करेंगे.

स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगे कार्यभार

अधिसूचना के अनुसार प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी को विश्वविद्यालय प्रशासन के सभी नियमित कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हालांकि, किसी भी बड़े फैसले से पहले उन्हें लोक भवन सचिवालय से अनुमति लेनी होगी.

प्रो. एसपी शाही के कार्यकाल के बाद मिली जिम्मेदारी

उल्लेखनीय है कि मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी शाही का कार्यकाल समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय में कार्यवाहक व्यवस्था के तहत प्रशासनिक कार्य संचालित हो रहे थे. अब प्रो. दिलीप कुमार केसरी को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.

विश्वविद्यालय प्रशासन में बढ़ी हलचल

नये कार्यवाहक कुलपति की नियुक्ति के बाद विश्वविद्यालय प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भी नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चा का माहौल है.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद

विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों का मानना है कि प्रो. केसरी के नेतृत्व में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी देखने को मिल सकती है.

Also Read: गया सिटी में आज : 41 डिग्री तक जाएगा पारा, हीटवेव का अलर्ट, केदारनाथ मार्केट से लेकर मेडिकल तक लगा सकता है जाम