गया जी से रोहित की रिपोर्ट
Gaya-Daltonganj Rail Line Project: वर्षों से लंबित गया-डालटनगंज नई रेल लाइन परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ती दिख रही है. रेलवे ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के सर्वेक्षण कार्य में तेजी ला दी है. गया जिले के डुमरिया क्षेत्र में प्रारंभिक गतिविधियों के बाद अब झारखंड के डाल्टेनगंज में भी मिट्टी जांच की तैयारी पूरी कर ली गई है. रेलवे के इंजीनियरों की टीम जल्द ही प्रस्तावित रेल मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भूगर्भीय परीक्षण शुरू करेगी.
Gaya Ji News: रेल लाइन निर्माण के लिए होगी वैज्ञानिक मिट्टी जांच
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित रेल लाइन के मार्ग पर चरणबद्ध तरीके से मिट्टी के नमूने लिए जाएंगे. जांच के दौरान मिट्टी की मजबूती, भार वहन क्षमता और भूगर्भीय संरचना का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा. यह प्रक्रिया रेल लाइन, पुल और पुलियों के सुरक्षित एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
गया जी की खबरों के पढ़ने के लिए क्लिक करें
Gaya Ji Rail line: मिट्टी जांच रिपोर्ट के आधार पर बनेगी डीपीआर
मिट्टी जांच पूरी होने के बाद परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी. डीपीआर में रेल लाइन की कुल लंबाई, संभावित स्टेशनों का स्थान, पुल-पुलियों की संख्या, निर्माण लागत, भूमि की आवश्यकता और पर्यावरणीय प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जाएगा. इसके आधार पर परियोजना के अगले चरण की रूपरेखा तय होगी.

Railway: रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू होगी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया
सूत्रों के अनुसार डीपीआर तैयार होने के बाद इसे रेलवे बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. स्वीकृति मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके बाद रेल लाइन निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
गया-डालटनगंज रेल लाइन से यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
गया-डालटनगंज रेल लाइन परियोजना के पूरा होने से बिहार और झारखंड के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा. यात्रियों को सीधी एवं सुगम रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा. इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है परियोजना
स्थानीय लोगों का मानना है कि गया-डालटनगंज नई रेल लाइन क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. परियोजना के पूरा होने से दूर-दराज के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.
Also Read: Gaya News. सोना-चांदी स्थिर, फल व सूखे मेवों की मांग बढ़ी, दालों के भाव सामान्य
