गया जी का एक ऐसा गांव जहां आजादी के बाद पहली बार पहुंचेंगे कोई मुख्यमंत्री, सीएम सम्राट आज देंगे बड़ी सौगात

Cm Samrat Gaya ji Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी 15 जून को गया जी जिले के खिजरसराय प्रखंड पहुंचेंगे. यह सम्राट चौधरी का पहला खिजरसराय दौरा होगा.

By Sakshi kumari | June 15, 2026 7:17 AM

गया जी से संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Cm Samrat Gaya ji Visit: 
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी 15 जून को गया जी जिले के खिजरसराय प्रखंड पहुंचेंगे. यह सम्राट चौधरी का पहला खिजरसराय दौरा होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है. प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर एनडीए नेताओं तक सभी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और उत्सुकता का माहौल है.

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया था. अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे. आज सुबह से ही हलचल तेज है.

आजादी के बाद पहली बार गांव में पहुंचेगा कोई मुख्यमंत्री

चिरैली पंचायत के पैक्स अध्यक्ष चंद्रभूषण शर्मा की मानें तो देश की आजादी के बाद पहली बार उनके गांव में किसी मुख्यमंत्री का आगमन होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है और गांव के लोग मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर काफी उत्साहित हैं.

टेक्नोलॉजी सेंटर का होगा भूमि पूजन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों प्रस्तावित टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया जाएगा. इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

वीरान जमीन से विकास की नई कहानी

चंद्रभूषण शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर टेक्नोलॉजी सेंटर का निर्माण होना है, वह क्षेत्र पहले वीरान और जंगल जैसा था. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली और अब मुख्यमंत्री के हाथों इसका भूमि पूजन होने जा रहा है.

बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा

परियोजना स्थल पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. वहीं शेष तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्रशासन और संबंधित विभाग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं. जानकारी के अनुसार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई) की ओर से एक्सटेंशन सेंटर का शिलान्यास किया जाएगा. इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में कौशल विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल

मुख्यमंत्री के आगमन की खबर से खिजरसराय और आसपास के गांवों में उत्सव जैसा माहौल है. स्थानीय लोग इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां कर रहे हैं. टेक्नोलॉजी सेंटर और एमएसएमई एक्सटेंशन सेंटर की स्थापना से खिजरसराय क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखे जाने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी और क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी.

Also Read: मौसम : गया में मौसम येलो अलर्ट पर, तेज हवा और वज्रपात की संभावना