गया जी से रोशन कुमार की रिपोर्ट
Bihar Police Exam 2026 : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की परीक्षा के दौरान रविवार को गया शहर के महावीर इंटर कॉलेज केंद्र पर सुरक्षा बलों और मजिस्ट्रेट ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी जालसाजी को नाकाम कर दिया. यहां परीक्षा देने आए एक अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ उपकरण (डिवाइस) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया. पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान किशनगंज जिले के पोठिया थाना अंतर्गत धाकपाड़ा गांव निवासी अमित प्रसाद सिंह के पुत्र राजा कुमार सिंह के रूप में हुई है.
पैर में टेप से चिपकाया ब्लूटूथ
जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र परीक्षा हॉल में प्रवेश करने के लिए मुख्य गेट पर लाइन में लगा था, तभी सघन जांच (फ्रिस्किंग) के दौरान वह पकड़ा गया. उसने चालाकी दिखाते हुए अपने पैर में टेप की मदद से ब्लूटूथ डिवाइस को चिपका रखा था.
Also Read : परीक्षार्थियों के लिए राहत, गया जी होकर चलेंगी 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल
कोतवाली थाने में केस दर्ज
इस संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान कड़ाई से की जा रही जांच में एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया है. इस धोखाधड़ी को लेकर महावीर इंटर कॉलेज सेंटर के केंद्राधीक्षक और प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट के लिखित बयान के आधार पर कोतवाली थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

जांच कर रही पुलिस
पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नकल गिरोह के तार और कहां से जुड़े हैं.
Gaya Ji News : गया जी के 14 केंद्रों पर हुई परीक्षा
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तहत बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के कुल 993 पदों के लिए रविवार को गया जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था. यह परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित की गई, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10:00 बजे निर्धारित था.
आधी सीटों पर रही अनुपस्थिति
इस परीक्षा के लिए गया जिले में कुल 6,911 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था (सीटें आवंटित) की गई थी. हालांकि, कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक सख्ती के बीच केवल 3,484 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,427 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे. यह कुल आवंटित सीटों का करीब 50 फीसदी है. कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात थे.
गया जी शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्र
सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल संचालन के लिए गया शहर के भीतर कई बड़े और प्रमुख कॉलेजों व स्कूलों को केंद्र बनाया गया था. इन शहरी केंद्रों में अनुग्रह मेमोरियल (AM) कॉलेज, प्लस टू हरिदास सेमिनरी (सरकारी बस स्टैंड के निकट), प्लस टू गया हाई स्कूल (न्यू करीमगंज), रामरुचि बालिका इंटर स्कूल और महावीर इंटर कॉलेज शामिल थे. इसके अलावा अनुग्रह कन्या सीनियर सेकेंडरी विद्यालय (स्टेशन रोड), प्लस टू कासिमी हाई स्कूल, हादी हाशमी उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय, प्लस टू जिला स्कूल, राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय (रमना रोड) और टी मॉडल इंटर स्कूल में भी परीक्षा आयोजित की गई थी.
ग्रामीण व बाहरी क्षेत्रों के परीक्षा केंद्र
इसके साथ ही गया जी शहर से सटे बाहरी इलाकों और मानपुर जैसे क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए भी प्रशासनिक स्तर पर परीक्षा केंद्रों की पुख्ता व्यवस्था की गई थी. इन केंद्रों के अंतर्गत मुख्य रूप से प्लस टू हाई स्कूल (चंदौती मोड़), प्लस टू हाई स्कूल (रसलपुर, मानपुर) और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय (गौरी कन्या, मानपुर) को शामिल किया गया था, जहाँ अभ्यर्थियों ने पूरी सुरक्षा के बीच अपनी परीक्षा दी.
Also Read : गया जंक्शन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार के चोरी के मोबाइल के साथ 2 गिरफ्तार
