किसान मेले में जैविक उत्पाद क्रेता व विक्रेता गोष्ठी का आयोजन
मुख्य संवाददाता, गया जी. बाजार समिति परिसर चंदौती में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला सह जैविक प्रदर्शनी के दूसरे दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना चिंतन शिविर के तहत जैविक उत्पाद क्रेता व विक्रेता गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस गोष्ठी में केदारनाथ बाजार समिति के थोक विक्रेता प्रिंशु निर्मल व टिंकू कुमार, किसान उत्पादक समूह के सदस्य शशि कुमार व आशुतोष कुमार और जैविक खेती करने वाले किसान व कृषि विभाग के जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया. क्रेताओं ने प्रामाणिक जैविक उत्पाद उपलब्ध कराने पर बाजार उपलब्ध रहने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बाजार में अभी अलग से जैविक उत्पादों विशेष कर मौसमी सब्जियों को बेचने की व्यवस्था नहीं है. यद्यपि बहुत से जागरूक ग्राहक जैविक आलू, प्याज, बैगन, गोभी, टमाटर आदि की मांग करते हैं. जैविक उत्पादक विक्रेता सह महुआर नवादा के रहने वाले किसान जीवेश यादव मानपुर ने कहा कि वह पिछले तीन वर्ष से अधिक समय से प्राकृतिक तरीके से सब्जियों की खेती कर रहे हैं. वे किसान मेले में सभी जैविक सब्जियों जैसे बैंगन, टमाटर, फ्रेंच बीन्स, मेथी साग, पालक साग, लाल साग, गाजर आदि लेकर पहुंचे, जो तुरंत बिक गये. लेकिन, इसका प्रीमियम मूल्य नहीं मिलता है और सामान्य बाजार में बेचने पर ग्राहक जैविक सब्जियों के लिए थोड़ा-बहुत भी ज्यादा पैसा नहीं देते हैं.