एक्शन में EOU की टीम, दरभंगा में धनकुबेर BDO के 6 अलग-अलग ठिकानों पर की छापेमारी

Raid In Bihar: बिहार में ईओयू की टीम एक्शन मोड में है. बुधवार को दरभंगा में धनकुबेर बीडीओ के 6 अलग-अलग ठिकाने पर छापेमारी की गई. मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है. इस छापेमारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

By Preeti Dayal | May 27, 2026 9:36 AM

Raid In Bihar: बिहार में ईओयू की टीम ने एक और धनकुबेर सरकारी अधिकारी पर शिकंजा कसा. दरभंगा जिले के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमोहन पासवान के ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है. इस दौरान ईओयू की टीम बीडीओ के 6 अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची, जहां कार्रवाई जारी है.

आय से 81.03 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति अर्जित करने का मामला

बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई थाना में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति को लेकर मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद कोर्ट से परमिशन मिलने के बाद बीडीओ के ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है. इस मामले में सत्यापन के दौरान यह पता चला कि चंद्रमोहन पासवान ने 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो कि उनके वास्तविक आय से 81.03 प्रतिशत अधिक है.

बीडीओ के इन ठिकानों पर हो रही छापेमारी

ईओयू की टीम बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमोहन पासवान के दरभंगा के बहादुरपुर आवास और व्यावसायिक भवन, मधुबनी के बाबूबरही में व्यावसायिक भवन और पैतृक आवास और केवटी (दरभंगा) स्थित कार्यालय और सरकारी आवास में छापेमारी की जा रही है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि, क्या कुछ बरामद किया गया.

इन डॉक्यूमेंट्स को खंगाल रही ईओयू की टीम

जानकारी के मुताबिक, बीडीओ के ठिकाने पर ईओयू की टीम जमीन से जुड़े डॉक्यूमेंट, बैंक अकाउंट, निवेश और ज्वेलरी खंगाले जा रहे हैं. सुबह से हो रही इस कार्रवाई की वजह से केवटी प्रखंड कार्यालय परिसर और इसके आस-पास लोगों की भारी भीड़ जुट गई है. मौके पर स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह टाइट कर दिया गया है.

Also Read: पटना में फिर एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी के पैर में लगी गोली, सम्राट सरकार में अब तक 13 मुठभेड़