Bharat Tiwari Encounter Case: सिंहवाड़ा नगर पंचायत में शनिवार देर शाम आरा निवासी भरत भूषण तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला. अमन झा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की.
दमन जी के पोखर से निकला कैंडल मार्च
कैंडल मार्च की शुरुआत दमन जी के पोखर से हुई. इसके बाद कार्यकर्ता सिंहवाड़ा बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. हाथों में मोमबत्तियां लेकर निकाले गए इस शांतिपूर्ण मार्च के दौरान सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.
दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि
प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने भरत भूषण तिवारी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा और श्रद्धांजलि अर्पित की. उपस्थित लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई.
दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
चंदन महाराज ने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए. यदि पुलिस एनकाउंटर में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. शुभम महाराज ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कैंडल मार्च में गौतम झा, राजीव ठाकुर, कौशल किशोर यादव, कृष्णा सहनी, चंदन शर्मा, अखिलेश महतो, सोनू यादव, सत्यम सिंह, कृष्णा राय, रजनीश, चंदन मंडल सहित बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
