राजपुर. थाना क्षेत्र के निकृष गांव के बाधार में ट्रैक्टर चालित यंत्र से दबकर 20 वर्षीय मजदूर मिथुन राजभर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सौरी गांव निवासी रामेश्वर राजभर का पुत्र मिथुन राजभर सागरा गांव निवासी किसी किसान के यहां रह कर ट्रैक्टर चलाने का काम करता है. मंगलवार की शाम निकृष गांव के बाधार में गेहूं की कटाई के बाद डंठल वाले खेत में भूसा बनाने वाली मशीन के साथ यह खेत में पहुंचकर काम कर रहा था. तभी अचानक यह किसी यंत्र में आयी खराबी से ट्रैक्टर के साथ खेत में ही पलट गया और वह यंत्र के नीचे दबकर मौत का शिकार हो गया. खेत पर अफरातफरी मच गया. घटना के बाद आसपास मौजूद किसानों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. मौके पर पहुंचे परिजन शव को लेकर दाह संस्कार कर दिया. घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है. इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि अभी इस घटना की जानकारी नहीं है. आवेदन मिलते ही इस पर कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया है.