राजगीर. स्वच्छता की दिशा में पर्यटन नगरी राजगीर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. सरकार के अहम निर्णय के तहत नगर परिषद, राजगीर को ओडीएफ प्लस घोषित किया गया है. इससे पहले नगर परिषद को ओडीएफ का दर्जा मिल चुका था, लेकिन अब ओडीएफ प्लस की घोषणा के साथ ही स्वच्छता के मानकों को और अधिक सख्त एवं व्यापक रूप दिया गया है. इस घोषणा के बाद नगर परिषद क्षेत्र में खुले में शौच एवं मलमूत्र त्याग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लागू कर दिया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 100 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान भी तय किया गया है. नगर परिषद की सभापति जीरो देवी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि ओडीएफ प्लस का दर्जा मिलना राजगीर के लिए गर्व की बात है. यह सफलता नगर परिषद, स्वच्छता कर्मियों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है. उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पिछले कई वर्षों से राजगीर में शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, नियमित साफ-सफाई तथा जनजागरूकता अभियान लगातार चलाये जा रहे थे. इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है. सभापति ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद क्षेत्र में कहीं भी खुले में शौच करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत घातक है. खुले में शौच से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष खतरा होता है. इसके साथ ही गंदगी फैलने से पर्यटन नगरी राजगीर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और देश-विदेश में गलत संदेश जाता है. इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है. सभापति ने बताया कि नगर परिषद द्वारा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है. साथ ही आवश्यक स्थानों पर नए शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. स्वच्छता पर्यवेक्षकों और सफाई कर्मियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जो नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखेंगे. पूरे अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं कार्यपालक पदाधिकारी करेंगे. नगर परिषद की सभापति जीरो देवी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और खुले में शौच जैसी आदतों को पूरी तरह त्यागें. उन्होंने कहा कि स्वच्छ राजगीर, सुंदर राजगीर का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझेगा और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनायेगा. उधर, शहरवासियों ने भी नगर परिषद के इस कदम का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि ओडीएफ प्लस घोषित होने से राजगीर की स्वच्छ छवि और अधिक मजबूत होगी तथा पर्यटन नगरी के रूप में इसकी पहचान और निखरेगी.