नालंदा में परीक्षा के दौरान मोबाइल इस्तेमाल का वीडियो वायरल, स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल

Nalanda School Viral Video : नालंदा के राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय हरनौत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र मोबाइल से परीक्षा में चोरी करते दिख रहे हैं. हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.

By UJJWALANAND GIRI | July 3, 2026 9:03 PM

Nalanda School Viral Video : नालंदा जिले के हरनौत स्थित राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने शिक्षा विभाग की मुस्तैदी और दावों की पोल खोलकर रख दी है. वायरल वीडियो में विद्यालय के छात्र परीक्षा हॉल में खुलेआम मोबाइल फोन का उपयोग कर नकल करते साफ देखे जा रहे हैं.

दसवीं कक्षा का वीडियो

बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्कूल की दसवीं कक्षा का है, जहां छात्र डेस्क पर मोबाइल रखकर प्रश्नों के उत्तर लिख रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद से स्थानीय लोग परीक्षा की गरिमा और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं.

त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन

उल्लेखनीय है कि इन दिनों जिले के सभी माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं की प्रथम त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के द्वारा इस परीक्षा के लिए बकायदा प्रश्न पत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं. इसके साथ ही सभी विद्यालयों को कदाचार मुक्त और पारदर्शी वातावरण में परीक्षा आयोजित करने का सख्त निर्देश भी दिया गया है.

प्रधानाध्यापक बोले- मामले की जांच कर होगी कार्रवाई

लेकिन, हरनौत के इस वायरल वीडियो को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि परीक्षा कक्ष में निगरानी के लिए कोई शिक्षक मौजूद ही नहीं है. वीक्षक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर छात्र मोबाइल के माध्यम से धड़ल्ले से नकल कर रहे हैं. प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से परीक्षा की मूल भावना और गरिमा पूरी तरह तार-तार हो रही है.

Nalanda News : प्रबंधन की बड़ी चूक

विद्यालय के शिक्षकों तथा प्रधानाध्यापक को बच्चों की इस प्रकार की अवांछित हरकतों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए थी, परंतु क्लासरूम में किसी शिक्षक का न होना प्रबंधन की बड़ी चूक को दर्शाता है. ऐसे माहौल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करना बेमानी साबित हो रहा है.

हेडमास्टर ने दी सफाई

इस पूरे मामले के संबंध में जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार गावस्कर से बात की गई, तो उनका कहना है कि उन्हें फिलहाल इस घटना के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. यदि यह वायरल वीडियो उनके ही विद्यालय का पाया जाता है, तो इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. (हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Also Read : हेमचंद्र बने नालंदा के नए DEO, शिक्षा व्यवस्था में सुधार को बताया प्राथमिकता