नालंदा में जहरीले सांप के डंसने से बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Nalanda News : नालंदा के गिरियक थाना क्षेत्र स्थित मंगर बिगहा गांव में जहरीले सांप के डंसने से 10 वर्षीय रॉकी कुमार की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार समेत पूरे गांव में शोक का माहौल है.

By RANJIT SINGH | July 5, 2026 10:14 PM

Nalanda News : गिरियक थाना क्षेत्र के मंगर बिगहा गांव में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक जहरीले सांप के डंसने से 10 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान उपेंद्र यादव के 10 वर्षीय पुत्र रॉकी कुमार के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को रॉकी अपने घर के अंदर खेल रहा था. इसी दौरान अचानक वहां निकले एक जहरीले सांप ने उसे डंस लिया.

पावापुरी विम्स किया गया रेफर

शुरुआत में परिजन घटना की गंभीरता को समझ नहीं सके. हालांकि, कुछ ही देर बाद जब बच्चे की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, तो परिजनों को सांप काटने की आशंका हुई. इसके बाद उसे तत्काल गिरियक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. वहां तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स), पावापुरी रेफर कर दिया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

पावापुरी विम्स में डॉक्टरों की टीम ने मासूम को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.

मासूम की असमय मौत से परिवार सदमे में

इधर, अपने इकलौते मासूम बेटे की असमय मौत से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में डूब गया है. घर के भीतर चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है और माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दुखद घटना के बाद गांव के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरा दुख जताया है.

ग्रामीण चिंतित

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों जारी बरसात के मौसम और उमस भरी गर्मी के कारण जमीन के भीतर से कीड़े-मकोड़े और विषैले जीव बाहर निकलने लगे हैं. क्षेत्र में जहरीले सांपों के निकलने की लगातार खबरें मिल रही हैं. इन बढ़ती घटनाओं के बीच इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके के ग्रामीणों की चिंता को और अधिक बढ़ा दिया है.

Also Read : नालंदा : सड़क हादसे में तड़प रहे युवक को देख सांसद कौशलेंद्र कुमार ने रुकवाया काफिला, अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल