अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, गयी जान

शनिवार की संध्या सरमेरा मोकामा एनएच-33 पर सदहा गांव से दक्षिण एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन बाइक सवार को रौंद कर फरार हो गया.

By AMLESH PRASAD | January 31, 2026 10:56 PM

सरमेरा. शनिवार की संध्या सरमेरा मोकामा एनएच-33 पर सदहा गांव से दक्षिण एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन बाइक सवार को रौंद कर फरार हो गया. जिसके कारण बाइक सवार नगर पंचायत सरमेरा के बसेढ़तर बेलदरिया स्थित वार्ड पांच निवासी स्व साधुशरण चौहान का 32 वर्षीय पुत्र बजरंगी चौहान की मौत घटना स्थल पर हो गयी. घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस के सहारे जख्मी बाइक सवार को सरमेरा स्थित सीएचसी लाया गया. जहां चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के बाद जख्मी को बिहारशरीफ स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने जख्मी को युवक को मृत घोषित कर दिया. पीड़ित परिजनों ने बताया कि मृतक बाइक सवार युवक अपने घर से संध्या तीन बजे पटना जिले के घोसवारी थाना अंतर्गत शहरी गांव स्थित अपने दोस्त के घर के लिए निकला था. वहां से वापस लौटने के क्रम में संध्या लगभग 6:30 बजे सरमेरा से मोकामा की ओर जा रहे अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद कर फरार हो गया. घटना के बाद जख्मी को सरमेरा अस्पताल लाया गया. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. इस घटना से ग्रामीण काफी मर्माहत एवं दुखी हैं. विगत 26 जनवरी को ही मृतक की मां कालो देवी का श्राद्धकर्म हुआ था. मां की श्राद्ध कर्म का एक हफ्ता भी नहीं गुजरा कि उनके मंझले पुत्र का सड़क दुर्घटना में आकास्मिक निधन हो गया. मृतक अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था. हादसे के बाद मृतक की पत्नी उर्मिला देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक का दो पुत्र एवं एक पुत्री है. इस हादसे ने इन बच्चों व मृतक की विधवा के समक्ष जीविकोपार्जन की विकट समस्या खड़ी कर दी है.