जन सुराज संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर होगा कमिटी का निर्माण

शहर के स्टेशन रोड स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में जिला कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इमाम शफी ने की.

By AMLESH PRASAD | April 28, 2026 10:44 PM

शेखपुरा. शहर के स्टेशन रोड स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में जिला कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इमाम शफी ने की. इस बैठक में जिले में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए संगठन विस्तार करने पर जोर दिया गया. इसा संबंध में जिला अध्यक्ष ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों के साथ ही पंचायत और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जायेगा. इसके लिए सदस्यता अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंच बनाई जायेगी. इसके साथ ही, अपने-अपने क्षेत्रों से जनहित के मुद्दों को उठाने और उन पर आवाज बुलंद करने पर विशेष जोर दिया गया. बैठक के दौरान बिहार सरकार की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की गयी. नेताओं ने कहा कि राज्य में वित्तीय संकट के कारण पंचायत स्तर पर विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है. लोगों को समय पर वेतन-पेंशन आदि का भुगतान नहीं हो रहा है. वहीं, जिला महामंत्री गोपाल कुमार सिंह ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता बतायी, जिला युवा अध्यक्ष विकास कुमार ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी आवाज को सशक्त करने पर बल दिया. बैठक में 2025 विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी से उम्मीदवार रहे पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की बात कही. इसके अलावा सरयू प्रसाद ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि राजेंद्र सिंह ने अपने राजनीतिक अनुभवों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया. बैठक में जिला अध्यक्ष इमाम शफी, विकास कुमार, कुंदन कुमार, मोहम्मद काइम, गोपाल सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.