इंतजार खत्म, इस महीने आएगा बिहार TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान

Bihar TRE 4 Teacher Recruitment: बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर आई है. शिक्षा मंत्री ने साफ किया है कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जुलाई में जारी होगा. सरकार ने भर्ती प्रक्रिया की तैयारी तेज कर दी है.

By Paritosh Shahi | May 27, 2026 2:43 PM

Bihar TRE 4 Teacher Recruitment: लंबे समय से TRE-4 (Teacher Recruitment Examination-4) का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज है. राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि TRE-4 का ऑफिसियल नोटिफिकेशन इसी साल जुलाई के महीने में जारी कर दिया जाएगा. नोटिफिकेशन आने के तुरंत बाद ही ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी.

मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि सम्राट सरकार की सबसे प्राथमिकता योग्य और प्रतिभावान शिक्षकों की समय पर बहाली करना है ताकि शिक्षा व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सभी जरूरी दिशा-निर्देश पहले ही अफसरों को दिए जा चुके हैं और शिक्षा विभाग के स्तर पर इसकी तैयारियां अब बिल्कुल आखिरी चरण में हैं.

विभाग और आयोग के बीच तालमेल हुआ पूरा: शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो भी छात्र-छात्राएं बिहार में शिक्षक बनने का सुंदर सपना देख रहे हैं, उन्हें अब महीनों तक इंतजार के दौर से नहीं गुजरना पड़ेगा. शिक्षा विभाग और बिहार लोक सेवा आयोग दोनों के आला अधिकारी आपस में लगातार बैठकें कर रहे हैं और उनके बीच बेहतर तालमेल बन चुका है. इसी तैयारी के दम पर यह पूरी तरह से तय हो चुका है कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई महीने में ही पक्के तौर पर जारी कर दी जाएगी. इस बार टाइमिंग को लेकर किसी भी प्रकार का कोई अगर-मगर या संशय नहीं बचा है.

पदों की संख्या पर सस्पेंस बरकरार

जब शिक्षा मंत्री से यह सवाल पूछा कि इस बार TRE-4 के अंतर्गत कुल कितने हजार या लाख पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, तो उन्होंने फिलहाल इसकी कोई तय और सटीक संख्या बताने से साफ मना कर दिया.

उन्होंने मुस्कुराते हुए अभ्यर्थियों भरोसा दिया कि किसी भी छात्र को सीटों या पदों की संख्या को लेकर जरा भी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इस बार भी सरकार की तरफ से पर्याप्त और बहुत ही उचित संख्या में बंपर बहाली निकाली जाएगी.

उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही जुलाई में मुख्य अधिसूचना जारी होगी, उसमें हर एक छोटी-बड़ी जानकारी जैसे कुल खाली पदों की संख्या, किस क्लास के लिए क्या योग्यता (Eligibility Criteria) होनी चाहिए, फॉर्म भरने की फीस, आवेदन की पूरी प्रक्रिया और परीक्षा का नया पैटर्न (Exam Pattern) बिल्कुल साफ-साफ घोषित कर दिया जाएगा. विभाग इस बार विज्ञापन में किसी भी तरह की कोई कंफ्यूजन या अस्पष्टता नहीं रखना चाहता है ताकि भर्ती कोर्ट में न फंसे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

युवाओं में उत्साह

TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के बाद अब TRE-4 को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है. लंबे समय से लाखों अभ्यर्थी इसकी तैयारी कर रहे हैं. शिक्षा मंत्री के बयान के बाद सोशल मीडिया और कोचिंग संस्थानों में इसकी चर्चा तेज हो गई है.

अगर समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होती है, तो बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी. फिलहाल सभी उम्मीदवार अब आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: 961 करोड़ की लागत से किऊल-झाझा के बीच बनेगी तीसरी नई रेल लाइन, मोदी सरकार की बिहार को सौगात