बिहार के मॉडल स्कूलों में टीचर भर्ती का दूसरा मौका, फिर खुले आवेदन, जानिए कब आयेगी मेरिट लिस्ट

Bihar Teacher News: बिहार के मॉडल स्कूलों में शिक्षक भर्ती का दूसरा मौका मिलने वाला है. शिक्षकों की नियुक्ति के लिए फिर से आवेदन खुल गए हैं. 13 जून तक चयनित अभ्यर्थियों की लिस्ट (मेरिट लिस्ट) जारी की जाएगी.

By Preeti Dayal | May 30, 2026 1:31 PM

Bihar Teacher News: पटना से अनुराग प्रधान की रिपोर्ट
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर की ओर से सभी जिलाधिकारियों को जारी लेटर में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप शिक्षकों का चयन अपेक्षित संख्या में नहीं हो सका है. ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए फिर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे.

27 मई को हुई थी समीक्षा बैठक

शिक्षा विभाग के अनुसार, 27 मई 2026 को आदर्श विद्यालयों के संचालन की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश विद्यालयों में निर्धारित रिक्तियों के मुकाबले पर्याप्त शिक्षकों का चयन नहीं हुआ है. सरकार ने इन विद्यालयों की स्थापना ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ एजेंडे के अंतर्गत की है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति आवश्यक मानी गई है.

समय के अंदर शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश

इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप चयन समिति को नए सिरे से चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है. शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी कर रिक्त पदों पर योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि आदर्श विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें.

चयन प्रक्रिया की समय-सारिणी

आवेदन आमंत्रण और प्राप्ति: 1 से 4 जून 2026
आवेदनों की जांच और समीक्षा: 5 से 7 जून 2026
इंटरव्यू का आयोजन: 8 से 12 जून 2026
चयनित शिक्षकों की लिस्ट होगी जारी: 13 जून 2026 तक

Also Read: निशांत कुमार के MLC बनने और मांझी की डिमांड पर JDU के मंत्री का बयान, सियासी हलचल तेज