बिहार के 7 जिलों में अलर्ट, तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, 5 दिनों के लिए एडवाइजरी जारी
Bihar Ka Mausam: बिहार में फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने आज 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बादल गरजने, बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी है. अगले 5 दिनों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है.
Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम का मिजाज पिछले दिनों से हो रही बारिश की वजह से सामान्य बना हुआ है. लोगों को तपती गर्मी और लू से राहत मिली हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने आज 7 जिलों में अलर्ट जारी किया है. उन जिलों में सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल है.
सीमांचल में मौसम रहेगा खुशनुमा
मौसम विभाग ने सीमांचल के 7 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है. सीमांचल में मौसम अभी खुशनुमा बना रहेगा. लेकिन अब धीरे-धीरे एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. जल्द ही मौसम करवट ले सकता है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
अगले 5 दिनों तक कैसा रह सकता है मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, पछुआ हवा के प्रभाव की वजह से पटना के मौसम में अगले पांच दिनों में काफी तेजी से बदलाव की संभावना है. दो जून से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में चार से आठ डिग्री की बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है. लू चलने के भी आसार हैं. मौसम का तेवर बदलेगा. इस तरह से पूरे बिहार में भी गर्मी का असर बढ़ सकता है.
किस वजह से मौसम में हो रहा बदलाव?
बिहार में मौसम में बदलाव की वजह मौसम वैज्ञानिकों की ओर से पिछले दिनों चक्रवाती परिसंचरण, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बताई गई. इसी की वजह से आंधी-बारिश और बिजली गिरने का दौर चला. लेकिन अब यह सिस्टम कमजोर पड़ रहा है. जिसके कारण तपती गर्मी का प्रकोप लोगों को फिर झेलना पड़ सकता है. बदलते मौसम को देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
