6 मई को होगी सम्राट कैबिनेट की बैठक, कई जरूरी प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Bihar Cabinet: सीएम सम्राट चौधरी ने 6 मई को कैबिनेट की बैठक बुलाई है. इस बैठक में कई जरूरी प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है. इससे पहले 29 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें 63 एजेंडों पर मुहर लगी थी.

By Preeti Dayal | May 3, 2026 3:16 PM

Bihar Cabinet: 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद से वह लगातार एक्शन मोड में हैं. इस बीच उन्होंने तीसरी कैबिनेट की बैठक बुला ली है. 6 मई को मुख्यमंत्री सचिवालय में सम्राट कैबिनेट की बैठक होगी. इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है. नई नीतियों को मंजूरी मिल सकती है.

दूसरी बैठक में लिए गए फैसले

इससे पहले दो बार हुई कैबिनेट की बैठक में कई जरूरी फैसले लिए गए. इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव और विजय चौधरी मौजूद थे. 29 अप्रैल को हुई कैबिनेट की बैठक में 63 एजेंडों पर मुहर लगी थी. इनमें राज्य में बिजली आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए नई अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन लाइन बनाने, पटना के मैंगल्स रोड पर साइबर अपराध इकाई और विशेष शाखा के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाने की मंजूरी, राज्य में कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की मंजूरी समेत कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई थी.

पहली बैठक में मिली थी इन प्रस्तावों पर मंजूरी

इससे पहले 22 अप्रैल को पहली कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें 22 एजेंडों पर मुहर लगी थी. इसमें नगर विकास विभाग ने 11 नए ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनाने, 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने की मंजूरी, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने, मुंगेर जिले के तारापुर में धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं के डेवलप करने समेत कई फैसले लिए गए.

दिल्ली दौरे पर सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फिलहाल दिल्ली दौरे पर हैं. आज उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और नित्यानंद राय से मुलाकात की. इसके साथ ही यह संभावना जताई जा रही है कि वे देर शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं.

Also Read: पिता से आशीर्वाद लेकर यात्रा पर निकले निशांत कुमार, बोले- मेरी पहली राजनीतिक यात्रा है