गोपालपुर (भागलपुर) से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट
Road Safety: विक्रमशिला सेतु पर भारी वाहनों के आवागमन पर लगी रोक का असर अब तिनटंगा करारी-नवगछिया पीडब्ल्यूडी सड़क पर साफ दिखाई देने लगा है. भारी मालवाहक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने से सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है. सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर सड़क धंसने लगी है. इससे राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है.
चपरघट के पास सड़क धंसने लगी, कई लोग हो चुके हैं घायल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार चपरघट गांव के समीप सड़क बीच से धंसने लगी है. सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बाइक सवार दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
Road Safety: क्षमता से अधिक वजन ढो रहे हाइवा और ट्रक
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की भार वहन क्षमता लगभग 15 से 20 टन तक है, लेकिन इन दिनों 25 से 30 टन तक वजन लेकर हाइवा और ट्रक लगातार गुजर रहे हैं. क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण सड़क तेजी से टूट रही है और उसकी उम्र भी कम होती जा रही है.
स्कूलों और घनी आबादी के बीच बढ़ा खतरा
सड़क के दोनों ओर घनी आबादी बसी हुई है. इसके अलावा कई सरकारी विद्यालय भी इसी मार्ग पर स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आना-जाना होता है. ऐसे में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोग इसे बच्चों और आम राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मान रहे हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर सख्ती से रोक लगाने और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है और बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
जांच और कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने सड़क की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की जरूरत है, ताकि सड़क सुरक्षित रहे और लोगों की जान जोखिम में न पड़े.
ये भी पढ़ें : दादाजी के भरोसे ने बदली किस्मत, मोनालिशा बिना कोचिंग BPSC क्रैक कर बनीं असिस्टेंट कमिश्नर
