भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Police Inspection: शहर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सिटी एसपी अतुलेश झा ने रविवार को तिलकामांझी, कोतवाली, जोगसर सहित कई थानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, लंबित मामलों, अभिलेखों के रखरखाव और पुलिस कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
Police Inspection: थाना परिसर की हर व्यवस्था का किया निरीक्षण
सिटी एसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, सुरक्षा व्यवस्था और डायल-112 की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की. इसके अलावा ओडी पदाधिकारी की ड्यूटी, संतरी व्यवस्था, उपलब्ध सरकारी वाहनों और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया.
लंबित मामलों के जल्द निष्पादन पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो.
जन शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश
सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत पर समय पर कार्रवाई हो.
रोल कॉल से बढ़ रही अनुशासन और कार्यक्षमता
भागलपुर जिले के सभी थानों में प्रतिदिन रोल कॉल की प्रक्रिया भी नियमित रूप से कराई जा रही है. इस दौरान पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, उनकी समस्याएं सुनी जाती हैं और पूरे दिन की कार्ययोजना तय की जाती है. पुलिस विभाग का मानना है कि इससे अनुशासन, समन्वय और कार्यक्षमता में सुधार हो रहा है, जिसका सीधा लाभ कानून-व्यवस्था और आम जनता को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें : पुलिस जांच में चौंकाने वाला दावा: बिल्डर की हत्या के बाद 4 घंटे तक शव के साथ रही आरोपित सीमा
