सुलतानगंज सूबे के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश बुधवार को सुलतानगंज प्रखंड के तिलकपुर पंचायत पहुंचे. उन्होंने चल रही विकास योजनाओं का गहन निरीक्षण किया. मंत्री ने निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का जायजा ले निर्माण गुणवत्ता की गंभीरता से जांच की और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायैगी. मंत्री ने भवन के पिलर, छड़ और अन्य संरचनात्मक कार्यों की जांच की तथा निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण मई माह के अंत तक पूरा कर लिया जायेगा. मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि हर जिले में जो निर्माणाधीन परियोजना है, उसका निरीक्षण का काम कर रहे हैं. हर जगह काम गुणवत्ता व ससमय पूरा करने का निर्देश दिया गया है. पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. महिलाओं के लिए पूर्व की भांति आरक्षण व्यवस्था लागू रहेगी. पंचायत जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर लाइसेंसी हथियार के जो आवेदन लंबित है. संबंधित अधिकारी को निष्पादन का निर्देश दिया गया है. मौके पर हिमांशु पटेल, विपिन मंडल, विकास कुमार, मानवेन्द्र कुमार, संजीव कुमार, मृत्युंजय कुमार सहित कई पदाधिकारी, मिथिलेश चंद्रवंशी, भजनदेव मांझी, अमित कुमार, भरत कुमार उपस्थित थे.