एनसीसी के अधिकारी से 82 हजार रुपये की साइबर ठगी
भागलपुर – साइबर ठगों ने बरारी में रहने वाले एनसीसी के अधिकारी देहरादून निवासी नरेंश चंद्र के खाते से 82 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली है. नरेश चंद्र ने मामले की प्राथमिकी बरारी थाने में दर्ज करायी है. पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गयी है. नरेश चंद्र ने पुलिस को बताया कि हर्बल लाइफ का पैकेज लेने के लिए उन्होंने इंटरनेट पर दूरभाष नंबर सर्च किया. नंबर मिलते ही उसने पैकेज लेने के लिए संपर्क किया. संपर्क करने के बाद दस रुपये का रिचार्ज कराने को कहा गया. दस रुपये का रिचार्ज करते ही मोबाइल हैक हो गया. उन्हें लगा कि शायद वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं, इसके बाद मोबाइल को बंद कर दिया, लेकिन मोबाइल बंद नहीं हुआ. कुछ देर में ही खाते से दो किस्तों में 82 हजार रुपये की अवैध निकासी हो गयी.
