शिक्षकों के लिए जरूरी खबर; 20 जुलाई तक नहीं किया आवेदन तो छूट सकता है एमएसीपी लाभ
Teacher Promotion News: पश्चिम चंपारण में एमएसीपी-2010 लाभ से वंचित शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए आवेदन का मौका. जिला शिक्षा कार्यालय ने 20 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा करने का निर्देश जारी किया. जानिए पात्रता और पूरी प्रक्रिया.
बेतिया से रवि ‘रंक’ की रिपोर्ट
Teacher Promotion News: करीब एक दशक से एमएसीपी (Modified Assured Career Progression) का लाभ मिलने का इंतजार कर रहे पश्चिम चंपारण के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए राहत भरी खबर है. जिला शिक्षा कार्यालय, बेतिया ने एमएसीपी-2010 योजना से वंचित पात्र शिक्षकों से 20 जुलाई 2026 तक आवेदन मांगे हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहले आवेदन कर चुके शिक्षकों को भी अद्यतन विवरण के साथ दोबारा आवेदन देना होगा.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
क्या है पूरा मामला?
जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना संभाग की ओर से डीपीओ कुमार अनुभव ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, ऐसे शिक्षक-शिक्षिकाएं जिन्होंने 30 जून 2026 तक 10 वर्ष या उससे अधिक की संतोषजनक सेवा पूरी कर ली है, लेकिन अब तक एमएसीपी का लाभ नहीं मिला है, वे निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं.
क्या है एमएसीपी योजना?
एमएसीपी (Modified Assured Career Progression) सरकारी कर्मचारियों के लिए वित्तीय उन्नयन योजना है. इसके तहत यदि किसी कर्मचारी को 10, 20 और 30 वर्ष की नियमित सेवा के बाद भी पदोन्नति नहीं मिलती है, तो उसे अगले वेतन स्तर का वित्तीय लाभ दिया जाता है.
इस योजना का उद्देश्य लंबे समय तक बिना प्रमोशन काम कर रहे कर्मचारियों को आर्थिक राहत देना है.
किन शिक्षकों को मिलेगा लाभ?
विभाग के अनुसार आवेदन करने के पात्र होंगे—
- मैट्रिक प्रशिक्षित शिक्षक
- प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक
- स्नातक ग्रेड शिक्षक
- प्रधान शिक्षक
शर्त यह है कि उन्होंने 30 जून 2026 तक कम से कम 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी कर ली हो और अब तक एमएसीपी का लाभ प्राप्त नहीं किया हो.
आवेदन के साथ कौन-कौन से दस्तावेज लगाने होंगे?
आवेदन के साथ निम्नलिखित प्रमाणित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा—
| आवश्यक दस्तावेज |
|---|
| सेवा पुस्तिका की प्रति |
| नियुक्ति पत्र |
| वेतन निर्धारण संबंधी अभिलेख |
| प्रोन्नति संबंधी दस्तावेज |
| पूर्व में प्राप्त एमएसीपी का विवरण (यदि हो) |
| अन्य संबंधित प्रमाण पत्र |
आवेदन की पूरी समय-सीमा
| प्रक्रिया | अंतिम तिथि |
|---|---|
| शिक्षक प्रधानाध्यापक को आवेदन दें | 20 जुलाई 2026 |
| प्रधानाध्यापक बीईओ को आवेदन भेजें | 25 जुलाई 2026 |
| बीईओ सत्यापन कर जिला शिक्षा कार्यालय भेजें | 31 जुलाई 2026 |
पहले आवेदन कर चुके शिक्षक भी करें आवेदन
जिला शिक्षा कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूर्व में आवेदन किया था, उन्हें भी अद्यतन जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पुनः आवेदन जमा करना होगा. पुराने आवेदन के आधार पर लाभ नहीं दिया जाएगा.
डीपीओ ने क्या दिए निर्देश?
डीपीओ कुमार अनुभव ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं का कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए. सभी आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच कर जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना संभाग में भेजना सुनिश्चित किया जाए.
शिक्षकों के लिए क्यों अहम है यह आदेश?
एमएसीपी का लाभ मिलने से लंबे समय से पदोन्नति से वंचित शिक्षकों के वेतनमान में वित्तीय बढ़ोतरी होगी. पश्चिम चंपारण जिले के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं पिछले कई वर्षों से इस लाभ की प्रतीक्षा कर रहे थे. ऐसे में शिक्षा विभाग का यह आदेश उनके लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी
