Codeine Syrup Seized: बगहा में 996 लीटर कोडीन सिरप बरामद, यूपी से बिहार आ रहे ट्रक से 83 पेटी जब्त
Codeine Syrup Seized: बगहा उत्पाद विभाग ने धनहा चेक पोस्ट पर जांच के दौरान यूपी से आ रहे ट्रक से 996 लीटर प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया है. मौके से यूपी के रायबरेली निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है. जानिए पूरी खबर…
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Codeine Syrup Seized: बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस व उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहे हैं.इसी क्रम में बगहा उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान धनहा चेक पोस्ट पर उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश कर रहे एक 10 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है.मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
विशेष वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया ट्रक
उत्पाद विभाग के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि धनहा थाना क्षेत्र स्थित रतवल गौतम बुद्ध सेतु के समीप धनहा चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था.इसी दौरान उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में प्रवेश कर रहे एक 10 चक्का ट्रक को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोका गया.पुलिस और उत्पाद टीम को देखकर चालक सकपका गया, जिसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई.तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर छुपाकर रखी गई 83 पेटी प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 996 लीटर आंकी गई है.बरामद सिरप की इस बड़ी खेप को तुरंत जब्त कर लिया गया.
यूपी के रायबरेली का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक चंचल सिंह को मौके से ही गिरफ्तार किया गया.वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है.पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.
पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी उत्पाद टीम
उत्पाद विभाग के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद कोडीन सिरप की यह खेप यूपी में कहां से लोड की गई थी और बिहार के किस जिले में इसकी डिलीवरी की जानी थी.पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.उन्होंने कहा कि शराबबंदी को सफल बनाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: बगहा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिहार इकाई का गठन, डॉ. अरविंद बने प्रदेश अध्यक्ष
