Bettiah Weather Update: आधी रात आसमान से गिरी आफत, ठनके ने पलभर में कई परिवारों की मेहनत कर दी राख
Bettiah Weather Update: पश्चिम चंपारण के चनपटिया प्रखंड के परसौना गांव में ठनका गिरने से कई घरों में भारी नुकसान हुआ. तीन बाइक, पंपसेट, अनाज, घरेलू सामान और एक बकरा नष्ट हो गया. ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्वे कर मुआवजे की मांग की है. पढे़ं पूरी खबर…
Bettiah Weather Update: पश्चिम चंपारण के चनपटिया प्रखंड में शुक्रवार तड़के आंधी और बारिश के बीच ठनका गिरने से कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. परसौना गांव में हुए इस हादसे में तीन बाइक, पंपसेट, साइकिल, अनाज और लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
रात करीब पौने दो बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उत्तरी घोघा पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित परसौना गांव में शुक्रवार तड़के करीब 1:45 बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान अचानक ठनका गिरा. उस समय गांव के सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे. तेज धमाके की आवाज सुनकर जब लोग बाहर निकले तो कई घरों में आग लग चुकी थी और सामान जलकर नष्ट हो गया था.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर: मॉडल अस्पताल में जांच रिपोर्ट के चक्कर में धूल फांक रहीं आइ ड्रॉप, बाहर से दवा खरीदने को मजबूर मरीज
तीन बाइक, पंपसेट और घरेलू सामान जलकर नष्ट
ग्रामीणों ने बताया कि हारून मियां के घर में रखी तीन बाइक, एक साइकिल और पंपसेट मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं चुन्नू मियां के घर में साइकिल, अनाज, घरेलू सामान और एक बकरे की मौत हो गई. अंजुम खातून के घर में भी लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट होने की बात सामने आई है.
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
ग्रामीणों के अनुसार ठनका गिरने से कई परिवारों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
मुआवजे की मांग
घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से क्षति का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि ठनका गिरने से उनका काफी नुकसान हुआ है और सरकारी सहायता मिलने से उन्हें राहत मिल सकेगी.
बेतिया से अवध किशोर तिवारी एवं चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
