रक्तदान की मुहिम ने दिलाई वैश्विक पहचान, चंपारण के समाजसेवी दिलीप दुबे को इंग्लैंड से मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
Bettiah Success Story: पश्चिम चंपारण के समाजसेवी दिलीप कुमार दुबे को रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान जागरूकता अभियान के लिए इंग्लैंड के World Record of Excellence द्वारा 'Eminence Excellence Award-2026' से सम्मानित किया गया है. इससे पहले वे राष्ट्रपति भवन और भारत मंडपम में भी सम्मानित हो चुके हैं.
नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah Success Story: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज प्रखंड की शेरहवा पंचायत निवासी समाजसेवी दिलीप कुमार दुबे को इंग्लैंड के World Record of Excellence द्वारा प्रतिष्ठित ‘Eminence Excellence Award-2026’ से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया. सम्मान मिलने की खबर से पूरे चंपारण सहित बिहार में खुशी की लहर दौड़ गई.
लखनऊ में राष्ट्रीय समारोह के दौरान मिला सम्मान
दिलीप दुबे को यह सम्मान लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘संवेदना-2 नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड’ समारोह में प्रदान किया गया. उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के राज्यमंत्री वैश्य नटवर गोयल एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के लिए चला रहे जागरूकता अभियान
दिलीप दुबे कई वर्षों से रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान चला रहे हैं. वे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं. विशेष रूप से लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में इलाज के लिए आने वाले बिहार और चंपारण के मरीजों की मदद के लिए उन्होंने रक्तदाताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है.
बोले- यह सम्मान सभी रक्तदाताओं का है
सम्मान मिलने पर दिलीप दुबे ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं की है जो एक अपील पर किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने के लिए आगे आते हैं. उन्होंने कहा कि उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए.
राष्ट्रपति भवन से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक मिली पहचान
दिलीप दुबे इससे पहले 3 मई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर अपने सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा कर चुके हैं. वहीं 21 सितंबर 2025 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रीय कर्मयोगी सम्मान से भी सम्मानित किया गया था.
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
दिलीप दुबे की इस उपलब्धि पर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद सुनील कुमार, विधायक संजय कुमार पांडेय, प्रखंड प्रमुख सुनैना देवी, मुखिया अनुपधर दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे चंपारण के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.
यह भी पढ़ें: हाईटेंशन तार से झुलसा 14 वर्षीय किशोर, भीड़ बनाती रही वीडियो, जीएमसीएच रेफर
