ड्यूटी के दौरान SDRF जवान की संदिग्ध मौत, पत्नी ने दर्ज कराया केस

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया स्थित SDRF कैंप में तैनात जवान वीरेंद्र यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बाजार से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. पत्नी के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.

By Purushottam Kumar | July 5, 2026 4:52 PM

बेतिया के मझौलिया से संजय कुमार पांडेय की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र स्थित धोकराहा पंचायत के SDRF कैंप में तैनात एक जवान की शनिवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद SDRF कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है.

बाजार से लौटने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार SDRF जवान वीरेंद्र यादव शनिवार शाम करीब चार बजे मझौलिया बाजार सामान खरीदने गए थे. बाजार से लौटकर जैसे ही वह धोकराहा स्थित SDRF कार्यालय पहुंचे, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े. साथी जवानों ने तत्काल उन्हें मझौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

सीएचसी प्रभारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने बताया कि जवान की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर SDRF के एसआई दयानिधि सिंह ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद मृतक के भाई धनंजय कुमार यादव अस्पताल पहुंचे.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. मझौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

पत्नी के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी

मृतक जवान की पत्नी संगीता देवी के आवेदन पर मझौलिया थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बिहार बोर्ड ने बढ़ाई ऑन स्पॉट एडमिशन की तारीख, 9 जुलाई तक करें आवेदन