नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हरदी टेढ़ा पंचायत के नोनिया टोला चौक पर रविवार को आदर्श क्लब की ओर से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत बालिकाओं की साइकिल रेस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम अभिजीत कुमार और स्थानीय विधायक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया. इस दौरान क्षेत्र की दर्जनों बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
बेटियों ने साइकिल रेस में दिखाया उत्साह
साइकिल रेस में शामिल बालिकाओं ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
विधायक ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
स्थानीय विधायक ने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ प्रदूषण कम करने का भी प्रभावी माध्यम है. उन्होंने युवाओं से खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और बेटियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.
एसडीएम ने पहल की सराहना की
एसडीएम अभिजीत कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं. उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियां युवाओं, विशेषकर बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आदर्श क्लब के संतोष साह, खेल निदेशक सुनील वर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि चंदन साह, अवध किशोर सिन्हा, वर्मा प्रसाद, पिट्ठू वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे.
