बेतिया से सतीश कुमार की रिपोर्ट
Bettiah News: बेतिया के नरकटियागंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 में सड़क और नाला निर्माण को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया. लोगों का आरोप है कि बिजली का पोल हटाए बिना ही नाला निर्माण शुरू कर दिया गया. विरोध के बाद निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया, जिससे इलाके में परेशानी और बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
यहीं बन रही है सड़क और नाला
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश ठाकुर के घर से गुड्डू कुमार के घर तक पीसीसी सड़क और नाला का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण के दौरान सड़क के बीच मौजूद बिजली पोल को हटाने की व्यवस्था नहीं की गई.
लोगों का कहना है कि पोल के कारण नाला निर्माण अधूरा रह गया. विरोध के बाद संवेदक ने काम बंद कर दिया और जहां खुदाई की गई थी, वहां दोबारा मिट्टी भरकर छोड़ दिया गया.
कई अधिकारियों से की शिकायत
प्रदर्शन कर रहे राजेश ठाकुर, संध्या देवी, रविंद्र साह, राजेश पटेल, बबलू श्रीवास्तव, मनी कुमार और सिकंदर महतो समेत अन्य लोगों ने बताया कि मामले की शिकायत नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सभापति और उपसभापति से की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.
स्थानीय लोगों ने नरकटियागंज के सहायक विद्युत अभियंता को भी आवेदन देकर बिजली पोल को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
बरसात में बढ़ सकता है खतरा
मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क के बीच खड़ा बिजली पोल और अधूरा निर्माण बरसात के मौसम में दुर्घटना का कारण बन सकता है. इससे चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है और नाला निर्माण का काम भी पूरा नहीं हो पा रहा है.
लोगों का आरोप है कि संवेदक ने बिना जरूरी तैयारी के निर्माण शुरू कर दिया, जिससे आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है.
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि जब तक बिजली पोल हटाकर सड़क और नाला निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. फिलहाल स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी
