बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah News: बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट के शिकारपुर थाना क्षेत्र स्थित भसुरारी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे. इसी बीच एक युवक ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया.
खेलते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया किशोर
जानकारी के अनुसार राजपुर तुमकड़िया पंचायत के बिरती टोला निवासी शंभू पटेल का 14 वर्षीय पुत्र भुलाई पटेल भसुरारी पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन मकान पर खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया.
भीड़ वीडियो बनाती रही, युवक ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग घायल किशोर की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने लगे. इसी दौरान गांव के मनोज कुमार ने एक अन्य युवक की मदद से गंभीर रूप से झुलसे किशोर को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, नरकटियागंज पहुंचाया. उन्होंने इलाज की व्यवस्था कराने के साथ परिजनों को भी घटना की सूचना दी.
60 प्रतिशत तक झुलसा, जीएमसीएच रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. संतोष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि किशोर करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया.
लोगों से संवेदनशील बनने की अपील
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कहा कि हादसों के समय वीडियो बनाने के बजाय पीड़ितों की मदद करना सबसे बड़ा मानवीय कर्तव्य है. लोगों ने मनोज कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से घायल किशोर को समय पर उपचार मिल सका.
