बेतिया-मझौलिया रेलखंड के विद्युतीकरण कार्य का प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर ने किया निरीक्षण

बेतिया-मझौलिया रेलखंड पर दोहरीकरण परियोजना के तहत किए गए विद्युतीकरण कार्य का शनिवार को प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर राजीव कुमार बरनवाल ने निरीक्षण किया. ओएचई लाइन, विद्युत आपूर्ति और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच के बाद अब सीआरएस निरीक्षण का इंतजार है. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | June 13, 2026 9:12 PM

बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट

बेतिया-मझौलिया रेलखंड पर दोहरीकरण परियोजना के तहत किए गए विद्युतीकरण कार्य का शनिवार को पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर (पीसीसीई) राजीव कुमार बरनवाल ने निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों की टीम के साथ विशेष निरीक्षण यान से पूरे रेलखंड का जायजा लिया और विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

स्टेशनों और तकनीकी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान पीसीसीई ने बेतिया और मझौलिया रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की. इसके साथ ही ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन, विद्युत आपूर्ति प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरणों की बारीकी से जांच की.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि परिचालन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें.

रेलवे संरचनाओं की भी हुई जांच

करीब 10 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड में स्थित रेलवे क्रॉसिंग, पुल-पुलिया, विद्युत सब-स्टेशन और अन्य रेल संरचनाओं का भी निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने विद्युतीकरण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया.

सफल रहा ट्रायल रन

यातायात निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात नए ओएचई सिस्टम में 25 केवी विद्युत आपूर्ति शुरू की गई थी. इसके बाद शनिवार को विद्युत लोकोमोटिव के माध्यम से ट्रायल रन किया गया. उन्होंने बताया कि ट्रायल रन के दौरान बिजली आपूर्ति की निरंतरता और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, जो सफल रहा.

सीआरएस निरीक्षण के बाद शुरू होगा परिचालन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर का निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा अंतिम निरीक्षण किया जाएगा. सीआरएस की स्वीकृति मिलने के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा.

निरीक्षण के दौरान अमित कुमार, इलेक्ट्रिक इंजीनियर अभिषेक कुमार सहित समस्तीपुर और हाजीपुर मंडल के कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद रहे.