Bettiah News: भू-माफिया के दबाव में आकर दशकों पुरानी जमाबंदी निरस्त करने के मामले में बगहा-2 के सीओ सह सहायक बंदोबस्ती पदाधिकारी बृजबिहारी कुमार से जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर एडीएम बेतिया राजीव कुमार सिन्हा ने स्पष्टीकरण मांगा है. इस संबंध में मंगलवार को अंचल कार्यालय को पत्र प्राप्त हुआ है. जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए जमाबंदी को तत्काल प्रभाव से पूर्ववत बहाल करने का आदेश दिया है. मामला पोखरभिंडा गांव की निवासी एक महिला की जमीन से जुड़ा है. पीड़िता ने 32 वर्ष पूर्व यह भूमि खरीदी थी और तब से उस पर काबिज हैं.
डीएम के जनता दरबार में खुला मामला
पीड़िता ने सोमवार को डीएम के जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम तरनजोत सिंह ने फोन पर ही सीओ को कड़ी फटकार लगाई. जांच में पाया गया कि जमीन की कीमतें बढ़ने के कारण भू-माफिया नए दावेदार खड़े कर जमीन हड़पने की साजिश रच रहे हैं.
सुप्रीम कोर्ट तक जा चुका है जमीन का विवाद
बता दें कि वर्ष 2007 में इस भूमि को पुलिस लाइन निर्माण के लिए अधिग्रहित करने की अधिसूचना जारी हुई थी. लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने अधिग्रहण निरस्त कर जमीन रैयतों को लौटाने का आदेश दिया था. डीएम ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर स्पष्टीकरण के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्या की रिपोर्ट
