बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha SP Inspection: बगहा पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने सोमवार को वाल्मीकिनगर थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न पंजियों, महत्वपूर्ण फाइलों के रख-रखाव, पुराने अभिलेखों के अद्यतन (अपडेट) स्थिति, लंबित कांडों की समीक्षा तथा क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं अनुसंधान कार्यों का गहनता से मुआयना किया. एसपी के इस औचक निरीक्षण से थाना परिसर में दिनभर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
Bagaha News: पुलिस को एसपी का सख्त निर्देश

थाने में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सभी केस के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने केस के अनुसंधानकर्ताओं (आईओ) से एक-एक कर कांडों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और साक्ष्य आधारित विवेचना (Evidence-based Investigation) पर विशेष जोर दिया. एसपी ने स्पष्ट कहा कि अनुसंधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने इलाके के शातिर व फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए.
शस्त्रागार और हाजत का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वाल्मीकिनगर थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार तथा आगंतुक पंजी (Visitor Register) का भी बारीकी से निरीक्षण किया.
फरियादियों की त्वरित सुनवाई के आदेश
उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि थाना में आने वाले हर एक फरियादी की शिकायतों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान निकाला जाए. एसपी ने कहा कि पुलिस का व्यवहार आम जनता के प्रति मददगार होना चाहिए.
शराब तस्करी पर रखें पैनी नजर
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही अक्षम्य होगी. उन्होंने आगामी दिनों में अपराध नियंत्रण, नियमित रूप से पुलिस गश्ती बढ़ाने, सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने, वन क्षेत्र में होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की रोकथाम करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, थाने के सभी अनुसंधानकर्ता, सहायक अवर निरीक्षक सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बल के जवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे. एसपी ने अंत में सभी को अनुशासन में रहकर बेहतर पुलिसिंग करने का संकल्प दिलाया.
यह भी पढ़ें: बेतिया सर्किट हाउस में रेल सेवाओं पर मंथन, सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने डीआरएम संग की समीक्षा
