यूपी से शराब पीकर लौट रहे चौकीदार समेत पांच गिरफ्तार, भागने की कोशिश भी नाकाम

बगहा के मदनपुर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश से शराब पीकर लौट रहे भैरोगंज थाना के एक चौकीदार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया. मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया.

By Sarfaraz Ahmad | July 5, 2026 11:01 PM

Bagaha News: बगहा उत्पाद विभाग की टीम ने मदनपुर चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश से शराब पीकर लौट रहे भैरोगंज थाना के एक चौकीदार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. मेडिकल जांच में सभी के शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

वाहन जांच के दौरान हुई कार्रवाई

उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शनिवार देर शाम मदनपुर चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक चारपहिया वाहन को रोककर जांच की गई.

वाहन में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई.

यह भी पढ़ें: बागमती नदी के रास्ते नेपाल से शराब तस्करी नाकाम, 972 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

चौकीदार ने भागने की कोशिश की

गिरफ्तार लोगों में भैरोगंज थाना क्षेत्र के चौकीदार दिलीप कुमार साह, सेमरा थाना क्षेत्र के रामबालक चौधरी, परवेज अंसारी, चिउटाहा थाना क्षेत्र के भोला कुमार बिंद तथा भैरोगंज थाना क्षेत्र के नन्हे चौधरी शामिल हैं.

उत्पाद विभाग के अनुसार, वाहन की जांच के दौरान चौकीदार दिलीप कुमार साह पुलिस को देखकर वाहन से कूदकर भागने लगा. उसने पुलिसकर्मियों से यह भी कहा कि “मुझे कौन पकड़ लेगा.” हालांकि, चेकपोस्ट पर तैनात जवानों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया.

तीन दिन की छुट्टी लेकर गया था चौकीदार

भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि चौकीदार दिलीप कुमार साह पत्नी के इलाज का हवाला देकर तीन दिन की छुट्टी पर गया था. उत्पाद विभाग की कार्रवाई की जानकारी बाद में मिली.

उत्पाद विभाग ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें: चनपटिया में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, कोर्ट जाते समय कार से हुई टक्कर