पुआल के ढेर से 203 किलो गांजा बरामद, तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस जिला बगहा अंतर्गत बथवरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है.

By SATISH KUMAR | January 30, 2026 6:14 PM

बगहा. पुलिस जिला बगहा अंतर्गत बथवरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है. पुलिस को सूचना मिली कि बथवरिया थाना क्षेत्र के चूड़ीहरवा पटखौली गांव में पुआल के ढेर के भीतर भारी मात्रा में गांजा छुपाकर रखा गया है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बगहा रामानंद कौशल के निर्देश पर एसडीपीओ रामनगर रागिनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल में बथवरिया थानाध्यक्ष अनुपम राय, सब इंस्पेक्टर योगेंद्र पासवान, वीरेंद्र कुमार, नीतू कुमारी, सअनि रामानंद ठाकुर सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे. कार्रवाई को विधिसम्मत बनाने के लिए सीओ बगहा एक नर्मदा श्रीवास्तव को दंडाधिकारी के रूप में मौके पर उपस्थित रखा गया. पुलिस टीम ने गांव में संदिग्ध पुआल के ढेर की तलाशी ली. जहां से 13 बोरियों में रखे कुल 18 पैकेट गांजा बरामद किया गया. बरामद गांजा का कुल वजन लगभग 203 किलोग्राम आंका गया है. मौके पर ही गांजा को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी रामानंद कुमार कौशल स्वयं बथवरिया थाना पहुंचे और पत्रकारों को बताया कि जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को करारा झटका लगा है. एसपी ने बताया कि पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है. इसमें शामिल तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.