बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बछवाड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 126 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने वाहन के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्ती के क्रम में चमथा बड़खूंट गांव निवासी ललित रजक,पिता गणेश रजक के घर के शेड में खड़ी उजले रंग की स्कॉर्पियो BR06PE3019 की तलाशी ली गई.
शराबबंदी कानून के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी, जांच शुरू
तलाशी के दौरान वाहन से 126 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. इसके अलावा मौके से नोकिया कंपनी का एक काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. पुलिस ने बरामद शराब, स्कॉर्पियो और मोबाइल को जब्त कर लिया है. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी. शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
