Begusarai News : डंडारी थाना क्षेत्र के तेतरी पंचायत भवन में बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘पंचायत विकास दिवस’ शिविर का भव्य आयोजन किया गया. इस विशेष शिविर के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(ASP) सुबोध कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस-पब्लिक सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस संवाद में स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण, नशामुक्ति और क्षेत्र के विकास पर व्यापक रूप से चर्चा की गई. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आम जनता ने भी क्षेत्र में अपराध और सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं से पुलिस अधिकारियों को सीधे अवगत कराया.
जनसंवाद से कम होगी पुलिस और जनता के बीच की दूरी: एएसपी सुबोध कुमार
संवाद कार्यक्रम में अपनी बातों को रखते हुए एएसपी सुबोध कुमार और थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच इस तरह का सीधा संवाद कई मायनों में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है. ग्रामीण स्तर पर जनता के बीच जाकर जनसंवाद करने से पुलिस और आम लोगों के बीच की दूरी कम होती है और आपसी विश्वास मजबूत होता है. उन्होंने उपस्थित आमजनों से अपील की कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी समस्याएं व शिकायतें पुलिस के साथ साझा करें, ताकि उन समस्याओं का समय पर स्थाई निदान सुनिश्चित किया जा सके.
साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा के लिए चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान
अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने और बढ़ते साइबर क्राइम (ऑनलाइन धोखाधड़ी) को कम करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया, ताकि ग्रामीण स्तर पर भी गंभीर अपराधों पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके.
नशामुक्ति और अपराध नियंत्रण का संकल्प
इस जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के सक्रिय सहयोग से राज्य सरकार के नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने, अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह से लगाम लगाने और शत-प्रतिशत अपराध नियंत्रण करने का सामूहिक संकल्प लिया गया. स्थानीय लोगों ने खुलकर अपनी समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा, जिस पर पुलिस पदाधिकारियों ने उठाए गए सभी मामलों के त्वरित और पूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया.
जनसंवाद में जुटे कई जनप्रतिनिधि
इस पुलिस-पब्लिक सीधा संवाद कार्यक्रम में प्रखंड उपप्रमुख कैलाश यादव, तेतरी पंचायत के मुखिया आदित्य राज वर्मा, सरपंच शाहिल अख्तर, पूर्व जिला परिषद सदस्य झून्ना प्रसाद सिंह, रौशन झा, मुरारी झा, कन्हैया सिंह, सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) शंकर कुमार सिंह, फिरोज़ ख़ान और जयजयराम सहित पंचायत के बड़ी संख्या में आम लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद थे.
Also Read : बेगूसराय में LNMU परीक्षा के लिए बनाए गए 8 परीक्षा केंद्र, SDO और SDPO को भेजा गया कार्यक्रम
