संजीव पाठक, बौंसी. आस्था और परंपरा के संगम स्थल मंदार में इस वर्ष भी भगवान मधुसूदन की ऐतिहासिक होली दो और तीन मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनायी जायेगी. खास बात यह है कि इस बार होली का उत्सव चंद्र ग्रहण के दिन पड़ रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विभिन्न तरह की धारणाएं बनी हुई हैं. मधुसूदन मंदिर के पंडित अवधेश ठाकुर ने बताया कि यहां की परंपरा अन्य स्थानों से थोड़ी अलग है. मंदिर की मान्यता के अनुसार भगवान मधुसूदन होली के अवसर पर गर्भगृह से बाहर निकलकर मंदिर प्रांगण के बाहर में बने फगदोल पर विराजमान होते हैं और श्रद्धालु उनके साथ रंगोत्सव का आनंद लेते हैं. यह दृश्य अत्यंत मनोहारी और भक्तिभाव से परिपूर्ण होता है.