बौंसी. बौंसी थाना क्षेत्र के श्याम बाजार से लापता 16 वर्षीय छात्र प्रीतम कुमार का अब तक कोई अता-पता नहीं चल पाया है. पांच दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाने से परिवार की चिंता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है. मालूम हो कि छात्र रौतावरन गांव निवासी बलराम यादव का पुत्र है. पिता के अनुसार, 16 फरवरी को वह घर से श्याम बाजार के लिए निकला था. बताया जाता है कि छात्र श्याम बाजार में ही रहकर पढ़ाई करता था. हॉस्टल पर नहीं पहुंचने पर वहां के शिक्षक के द्वारा फोन पर इसकी सूचना परिजनों को दी गयी थी. पहले तो परिवार ने सोचा कि वह किसी मित्र के यहां रुक गया होगा, परंतु जब रात भर उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता गहरा गयी. पुत्र के अब तक बरामद नहीं होने से मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. मां की आंखें हर समय दरवाजे पर टिकी रहती हैं. घर के बाहर ज़रा सी आहट पर दिल धड़क उठता है कि शायद बेटा लौट आया हो, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लग रही है. परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी ढांढस बंधा रहे हैं, मगर समय बीतने के साथ चिंता और गहराती जा रही है.