बाराहाट/रजौन. बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के हिंदनगर हिजरार गांव निवासी अमन कुमार की पुणे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार एवं गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. अमन कुमार, अजय कुमार के पुत्र थे और पुणे में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी कर रहे थे. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात अमन अपने कार्यस्थल से लौटकर कमरे पर आए थे. मृतक के रिश्तेदार एवं मौसा सुजीत कुमार ने बताया कि रविवार सुबह काफी देर तक अमन के नहीं उठने पर उन्हें जगाने का प्रयास किया गया. कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. वहां अमन मृत अवस्था में पाए गए. परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण हुई होगी. हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. बताया जाता है कि अमन कुमार रजौन प्रखंड के भाजपा नेता निरंजन चौधरी के नाती थे. पुत्र की असामयिक मौत की सूचना मिलते ही उनकी मां आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. अमन दो भाई-बहनों में सबसे बड़े थे तथा परिवार के इकलौते पुत्र थे. उनकी मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया तथा परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से मर्माहत है.