कमर्शियल कनेक्शन के बदले ले रहा था घूस
विजिलेंस की 10 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
बांका/रजौन. रजौन ब्लॉक स्थित विद्युत सब स्टेशन कार्यालय में सोमवार को पटना निगरानी (विजिलेंस) विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एसडीओ विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद 10 सदस्यीय विजिलेंस टीम उन्हें अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गयी. इस कार्रवाई से बिजली विभाग सहित अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, धोरैया थाना क्षेत्र के घसिया गांव निवासी मनोज यादव के घर में घरेलू बिजली कनेक्शन था. उनके घर में एक छोटी किराना दुकान भी संचालित होती थी, जहां बिजली का उपयोग किया जा रहा था. आरोप है कि जांच के दौरान एसडीओ विजेंद्र कुमार ने दुकान में बिजली उपयोग को लेकर कमर्शियल कनेक्शन लेने की बात कही और कार्रवाई नहीं करने के एवज में दो लाख रुपये की मांग की. बाद में बातचीत के दौरान मामला 30 हजार रुपये में तय हुआ.