गार्ड की सतर्कता से बची जान, गंभीर रूप से घायल अधेड़ को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर किया गया रेफर
बौंसी, (बांका ) से संजीव पाठक की रिपोर्ट :
रोजी-रोटी की जद्दोजहद में निकले एक फल विक्रेता के साथ शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. बौंसी बाजार के गुड़िया मोड़ निवासी 54 वर्षीय विनोद साह उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब वे झारखंड के नोनीहाट-भतूरिया स्टेशन के समीप सियालदह-गोड्डा मेमू ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे. हादसे में उनका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. विनोद साह ट्रेनों में फल एवं अन्य सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. शनिवार को वे जामुन बेचने के बाद हंसडीहा लौटने के उद्देश्य से मेमू ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे ट्रेन के नीचे गिर पड़े.घटना बेहद भयावह थी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना बेहद भयावह थी. हालांकि ट्रेन के गार्ड की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी. गार्ड ने दुर्घटना को देख तत्काल ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया. करीब 700 मीटर आगे बढ़ने के बाद ट्रेन रोकी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों की मदद से घायल को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घायल अवस्था में विनोद साह को स्टेशन के समीप लाया गया, जहां स्टेशन प्रबंधक ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल इलाज की व्यवस्था शुरू की.