बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Weather Update : बांका जिले में मानसून अब धीरे-धीरे सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम में बदलाव राहत लेकर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. हालांकि बारिश के बाद कुछ समय के लिए उमस फिर बढ़ने की स्थिति भी बन सकती है.
गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बांका और आसपास के भागलपुर सहित जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है.
Banka Weather Update : तापमान और नमी का असर
जिले में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75 से 80 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर में यह घटकर 25 से 30 प्रतिशत तक आ सकती है. इस वजह से दिन में उमस भरी गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा सकता है.
वज्रपात को लेकर सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गरज-चमक के दौरान वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना बनी रह सकती है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सख्त सलाह दी गई है. सुरक्षित स्थानों पर रहकर ही मौसम का सामना करने की अपील की गई है.
किसानों के लिए मौसम आधारित सलाह
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करें. अचानक बारिश और तेज हवाओं से फसल को नुकसान से बचाने के लिए सावधानी जरूरी है.
ये भी पढ़े : बांका में घायल छात्र आनंद की आठ दिन बाद मौत, फूटा जनाक्रोश, जाम, आगजनी व पथराव
