बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले में रविवार को धार्मिक आस्था अपने चरम पर दिखाई दी. शहर के चांदन नदी तट स्थित भगवान सूर्यदेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. महिला श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही. इसके साथ ही जिले के प्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा.
सूर्योदय के साथ शुरू हुई आराधना
रविवार सुबह मंदिर का पट पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. चांदन नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव के मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. सुबह के समय मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर से परिवार के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
तेलडीहा शक्तिपीठ में उमड़ी भक्तों की भीड़
Banka News : शंभुगंज प्रखंड में बांका और मुंगेर जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तांत्रिक शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गा मंदिर में भी रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे. मंदिर के पुजारी श्याम आचार्य ने बताया कि प्रतिदिन सुबह मेढ़पति परिवार द्वारा पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है. दिनभर पूजा के बाद शाम की आरती के उपरांत मंदिर का पट बंद किया जाता है. शारदीय नवरात्र के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं.
शहर के अन्य मंदिरों में भी रही रौनक
रविवार को पुरानी ठाकुरबाड़ी, भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर तथा विजयनगर स्थित शनि मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई. शनि मंदिर में सुबह और शाम विशेष पूजा-अर्चना तथा महाआरती का आयोजन हुआ. वहीं मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भगवान का पंचामृत स्नान, भोग, श्रृंगार पूजा और संध्या आरती संपन्न हुई. पूरे दिन श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे.
आस्था के साथ बढ़ रहा धार्मिक पर्यटन
स्थानीय लोगों का मानना है कि बांका के धार्मिक स्थलों की पहचान लगातार बढ़ रही है. विशेष पर्वों और रविवार जैसे अवकाश के दिनों में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है और स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ मिल रहा है.
