बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha Bear Attack: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) रेंज के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि करीब एक माह पहले लीलावती देवी खेत में काम कर रही थीं. इसी दौरान वन क्षेत्र से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया था. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. घटना के बाद वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सहायता राशि उपलब्ध कराई.
रेंज कार्यालय में सौंपा गया मुआवजा
रविवार को वाल्मीकिनगर रेंज कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेंजर सत्यम कुमार ने लीलावती देवी को 24 हजार रुपये का चेक सौंपा. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमले से प्रभावित लोगों को विभागीय प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाती है.
ग्रामीणों को किया गया जागरूक
मुआवजा वितरण के बाद ईडीसी अध्यक्ष संतोष काजी की मौजूदगी में संतपुर गांव के ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में वन एवं वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने पर चर्चा की गई.
जंगल के आसपास रहने वालों को दी गई सलाह
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को जंगल के आसपास काम करते समय सावधानी बरतने, वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने और अनावश्यक रूप से जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई. अधिकारियों ने कहा कि लोगों की जागरूकता से ऐसी घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है. इस मौके पर वनपाल आशीष कुमार, अन्य वनकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं: पश्चिम चंपारण में भीषण गर्मी का असर: नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल दो दिन बंद, बड़ी कक्षाओं का समय बदला
