फोटो नंबर-8- सुनवाई करतीं उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह. प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सबका सम्मान–जीवन आसान पहल के अंतर्गत जनता दरबार का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं व शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं. इस दौरान कुल 55 परिवादियों ने आवेदन प्रस्तुत किये, जिनमें राजस्व, विकास और सामाजिक योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे. प्राप्त शिकायतों में दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, राशन कार्ड, नाली-गली निर्माण, भूमि विवाद, सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी, सेविका बहाली, जमाबंदी, इंदिरा आवास, भूमि मापी, अवैध कब्जा, परिमार्जन, एलपीसी निर्गत करने, पैक्स से जुड़े मामले, मानदेय भुगतान व अनुग्रह अनुदान जैसी जनहित की समस्याएं प्रमुख रहीं. कार्यक्रम के दौरान सभी परिवादों को विधिवत पंजी में दर्ज कर संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया. साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे इन मामलों में त्वरित और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक मामले का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जायेगा, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े.उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर परिवाद का निष्पक्ष, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन होना चाहिए. उन्होंने नियमित समीक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों की सतत निगरानी की जाए, ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके.