औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Pulse Polio Aurangabad : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया. इस अवसर पर जिलेभर में अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई.
जिलाधिकारी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके.
डीएम का आदेश, एक भी बच्चा छूटे नहीं
उन्होंने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए हर बार चलाए जाने वाले पल्स पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए।
घर-घर जाकर पिलाएं दवा
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए.
पोलियो बूथों पर पिलाई जा रही दवा
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है. इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके.
अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) हेल्थ, सदर अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास के सभी 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं.
ALSO READ: मानसून में बिहार की ये 7 जगहें बन जाती हैं स्वर्ग, एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का करेगा मन
