लोडिंग-अनलोडिंग का समय तय, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई का आदेशप्रतिनिधि, दाउदनगर
अनुमंडल मुख्यालय के अत्यंत व्यस्त भखरुआं मोड़ पर लगातार लगने वाले जाम और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. अनुमंडल दंडाधिकारी सह एसडीओ अमित राजन द्वारा जारी आदेश के तहत इस इलाके में नो पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी गयी है. साथ ही दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए माल की लोडिंग-अनलोडिंग का समय भी निर्धारित कर दिया गया है. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान, वाहन जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन के आदेश में कहा गया है कि भखरुआं मोड़ पर भारी वाहन, बस, ट्रक, ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग तथा सड़क पर माल लोडिंग-अनलोडिंग के कारण आए दिन गंभीर जाम की स्थिति बन रही थी. इससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी. भखरुआं मोड़ दाउदनगर का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां से दाउदनगर-गया जी रोड, एनएच-139 दाउदनगर-औरंगाबाद रोड, दाउदनगर-पटना रोड तथा भखरुआं मोड़-मौलाबाग रोड होकर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं. सड़क किनारे अवैध वाहन खड़े होने और यात्रियों की प्रतीक्षा में कतारबद्ध बसों व ई-रिक्शाओं के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा जाता था.